डॉ. आशीष मेहता अंपायर मनोनीत |
दूरदर्शन पर सीधा प्रसारण होगा
उज्जैन। भारत सरकार खेल मंत्रालय की खेलों को बढ़ावा देने की बहुआयामी योजना के तहत भारत का पहला मल्टी स्पोर्ट्स "बीच गेम्स - 2024" का आयोजन केंद्र शासित प्रदेश दादरा-नगर हवेली एवं दीव-दमन में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ प्रारंभ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली इसका उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में दीव में उपस्थित रहेंगे। बीच गेम्स 2024 के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय मल्लखंब चैंपियनशिप के लिए विक्रम एवं विश्वामित्र अवॉर्डी एवं वाणिज्य अध्ययनशाला, विक्रम विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य डॉ. आशीष मेहता को अंपायर मनोनीत किया गया है। चैंपियनशिप 5 से 7 जनवरी तक दीव-दमन के समुद्र तट पर आयोजित की जाएगी। इन खेलों का दूरदर्शन पर सीधा प्रसारण होगा।
यह जानकारी वाणिज्य अध्ययनशाला के विभागाध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र कुमार भारल ने देते हुए बताया कि, बीच गेम्स 2024 के तहत 8 खेलों का चयन किया गया है जिसमें प्रत्येक खेल में देश की सर्वश्रेष्ठ आठ टीमों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
डॉ. आशीष मेहता विगत 25 वर्षों में 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर की स्पर्धाओं में मुख्य अंपायर की भूमिका निभा चुके हैं। डॉ मेहता की उपलब्धि पर कुलपति प्रोफेसर अखिलेश कुमार पाण्डेय, कुलसचिव डॉ अनिल शर्मा, कुलानुशासक डॉ शैलेंद्र कुमार शर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ एस. के. मिश्रा, निदेशक शारीरिक शिक्षा डॉ वीरेंद्र चावरे एवं विभिन्न खेल संस्थाओं के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त कर शुभकामनाएं दी है।
Comments