मध्यप्रदेश के मल्लखंब खिलाड़ी देश में सिरमौर
पहली बार महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक पर कब्जा
उज्जैन। उत्तराखंड में चल रहे देश के सबसे बड़े खेल आयोजन नेशनल गेम्स में मध्य प्रदेश के महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने इतिहास रचते हुए पहली बार दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। मध्य प्रदेश टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दूरभाष पर खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों से चर्चा कर उनकी हौसला अफजाई के साथ ही व्यक्तिगत चैंपियनशिप में अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी।
उत्तराखंड के खटीमा में 10 फरवरी से चल रही मल्लखंब चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्यमंत्री श्री पुष्कर धामी के कर- कमलों से किया गया। चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश की महिला खिलाड़ियों सर्वश्री अनुष्का नायक, सिद्धि गुप्ता, जेसिका प्रजापति, माही राठौड़, वीरा राठौर एवं अंजली यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 83.20 अंक के साथ स्वर्ण पदक, महाराष्ट्र टीम ने 82.85 अंक के साथ रजत पदक तथा छत्तीसगढ़ टीम ने 80.05 अंक के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया। वही पुरुष वर्ग में मध्यप्रदेश टीम के कुंदन कछावा,प्रणीत यादव, देवेंद्र पाटीदार, युवराज घाडगे, प्रणव कोरी,यतिन कोरी ने 126.6 अंक प्राप्त कर भारी अंतर से स्वर्ण पदक,123.3 अंक के साथ महाराष्ट्र को रजत पदक तथा 122.85 अंक प्राप्त कर तमिलनाडु ने कांस्य पदक प्राप्त किया। टीम ने यह उपलब्धि द्रोणाचार्य अवॉर्डी योगेश मालवीय एवं प्रदेश एवं देश में मल्लखंब के भीष्म पितामह के रूप में ख्यात किशोरीशरण श्रीवास्तव के उत्कृष्ट मार्गदर्शन में प्राप्त की है। इस अवसर पर असिस्टेंट डायरेक्टर खेल एवं युवा कल्याण विकास खराड़कर, विक्रम एवं विश्वामित्र अवॉर्डी डॉ आशीष मेहता, विक्रम अवॉर्डी पंकज सोनी, प्रशिक्षक संतोष राठौड़, शिवांश कौशल, श्वेता चौहान, वरिष्ठ राष्ट्रीय खिलाड़ी लीलाधर कहार, वंदना जैन, दर्शनी त्रिपाठी एवं ओसिन चौबे विशेष रूप से उपस्थित थे।
मध्यप्रदेश मल्लखंब टीम की गौरवमई उपलब्धि पर खेल मंत्री विश्वास सारंग, सांसद अनिल फिरोजिया, खेल संचालक रवि कुमार गुप्ता, असिस्टेंट डायरेक्टर बी एस यादव ने टीम को शुभकामनाएं दी है।
Comments